“मेहनत वो सुनहरी चाबी है जो बंद भविष्य के दरवाजे भी खोल देती है“।
आज हम आपको ओडिशा के मांझी और कैनाल मैन के नाम से मशहूर श्री दैतारी नायक जी के बारे में बताएंगे जिन्होंने 70 साल की उम्र में 3 साल तक लगातार पहाड़ों को तोड़कर नहर बनाने का अद्भुत और महान कार्य किया है। उनके कार्य भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान में से एक पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया है। आइए जानते हैं उनके बारे में।
गांव वालों के लिए किया काम
ओडिशा के केन्दुझर के बैतरणी गांव के रहने वाले 70 वर्षीय श्री दैतारी नायक जी एक किसान हैं। वह यहां के आदिवासी समाज से आते हैं। बैतरणी गांव में सिंचाई के लिए कोई इंतजाम नहीं है। इसके कारण किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। रोजमर्रा के काम के लिए भी वो लोग तलाब के गंदे पानी का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने इस बात की शिकायत कई बार प्रशासन से भी की लेकिन उन्होंने भी इस पहाड़ी इलाके में पानी के लिए कोई इंतजाम नहीं कराया। ऐसे में गांव वालों को पानी के लिए परेशान होते देख श्री दैतारी नायक ने खुद पानी का इंतजाम करने की ठानी।
नहर का निर्माण किया
गांव में पानी की समस्या को हल करने के लिए श्री दैतारी नायक जी अपने परिवार के साथ पहाड़ों की कटाई करने लगे। उन्होंने लगातार 3 साल तक पहाड़ों और झाड़ियों को काटा ताकि गांव तक पानी लाया जा सके। श्री दैतारी नायक जी ने खुद की मेहनत से करीब 1 किलोमीटर तक लंबी नहर का निर्माण कर दिया। जिसके बाद से नहर के निर्माण के कारण उनके गांव तक पानी की सुविधा मिलने लगी। अब गांव के लोगों को अपने जीवन और खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो रहा है।
माउंटेन मैन के नाम से हैं प्रसिद्ध
3 सालों तक पहाड़ तोड़कर नहर का निर्माण करने वाले श्री दैतारी नायक जी को उनके गांव के लोग ओडिशा का ‘माउंटेन मैन’ भी कहते हैं। जिस तरह से बिहार के दशरथ मांझी ने पहाड़ तोड़कर सड़क का निर्माण कर दिया था। उसी तरह दैतारी नायक जी ने पहाड़ में से नहर का निर्माण कर दिया। इसलिए उन्हें लोग माउंटेन मैन और केनाल मैन के नाम से संबोधित करते हैं।
सरकार ने किया सम्मानित
पहाड़ खोदकर नहर का निर्माण करने वाले श्री दैतारी नायक जी के महान कार्यों को देखते हुए सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान में से एक पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया है। श्री दैतारी नायक ने साबित कर दिया कि यदि इसांन जुनूनी हो तो वो कुछ भी कर सकता है।
श्री दैतारी नायक जी की जितनी तारीफ की जाए कम है। उन्होंने अपने कार्य से यह साबित कर दिया है कि मेहनत के बदौलत कोई भी काम आसान हो जाता है।